फरीदाबाद में 41 शॉपिंग सेंटरों को संपत्ति कर न चुकाने पर सील किया गया

फरीदाबाद में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई
(फरीदाबाद) फरीदाबाद नगर निगम ने संपत्ति कर न चुकाने वाले बकायादारों के खिलाफ आज एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की। इस दौरान, सेक्टर 20 ए में स्थित पार्श्वनाथ मैनहैटन मॉल के 41 शॉपिंग सेंटरों को सील कर दिया गया। इन बकायादारों पर लगभग 93 लाख रुपये का संपत्ति कर बकाया था।
यह कार्रवाई क्षेत्रीय कर अधिकारी सृष्टि बब्बर के नेतृत्व में की गई। पार्श्वनाथ मैनहैटन मॉल के संचालकों ने लंबे समय से अपना प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरा था, जिसके लिए विभाग ने कई बार नोटिस जारी किए थे।
अन्य जोनों में भी कार्रवाई जारी
हालांकि, समय सीमा समाप्त होने के बाद भी टैक्स का भुगतान नहीं किया गया। इस पर नगर निगम की टीम बुधवार सुबह मॉल पहुंची और सभी 41 शॉपिंग सेंटरों को सील कर दिया। अन्य जोनों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जा रही है, जिसमें लगभग 40 लाख रुपये की रिकवरी की गई है।
एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने बताया कि नगर निगम को मिलने वाला टैक्स शहर के विकास में लगाया जाता है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों के अनुसार, निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा के मार्गदर्शन में टैक्स रिकवरी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सभी जोनों के क्षेत्रीय कर अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी भी कार्य में लापरवाही पाई जाती है, तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।