फिटनेस आइकन मयंक पवार का निधन, 37 वर्ष की आयु में दुनिया को कहा अलविदा
मयंक पवार का निधन
नई दिल्ली। 'स्प्लिट्सविला' 7 के प्रतिभागी और कई बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिताओं के विजेता मयंक पवार का निधन हो गया है। उन्होंने 37 वर्ष की आयु में इस दुनिया को अलविदा कहा। इस दुखद समाचार ने फिटनेस समुदाय को गहरे सदमे में डाल दिया है। मयंक की मृत्यु का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन उनके इंस्टाग्राम पेज पर उनके निधन की जानकारी और प्रार्थना सभा की तिथि साझा की गई है। इस खबर को देखकर उनके करीबी और प्रशंसक शोक में हैं।
मयंक पवार के इंस्टाग्राम पर उनके दोस्तों ने उनके निधन की सूचना दी है, जिसमें बताया गया है कि उन्होंने 23 फरवरी को अंतिम सांस ली। परिवार ने 25 फरवरी को उनकी प्रार्थना सभा आयोजित की है। इस पोस्ट में लिखा गया है, 'आप एक भाई, एक चैंपियन, एक मेंटर और कई लोगों के लिए प्रेरणा थे। मयंक पवार हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। कृपया हमारे साथ उनकी प्रार्थना सभा में शामिल हों और मयंक को याद करें। ओम शांति।'
View this post on Instagram
फिटनेस समुदाय में शोक की लहर
मयंक पवार ने 'स्प्लिट्सविला 7' रियलिटी शो में भाग लिया था, जिसमें सनी लियोनी ने मेज़बानी की थी। उन्हें इस शो में काफी सराहा गया था। इसके अलावा, वह मिस्टर एशिया और छह बार के मिस्टर इंडिया भी रह चुके थे। बॉडी बिल्डिंग और फिटनेस के क्षेत्र में मयंक एक प्रतिष्ठित नाम थे। वह अपने जिम और बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिताओं के वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा करते थे। लेकिन इतनी कम उम्र में उनका निधन होने से फिटनेस समुदाय में हड़कंप मच गया है। परिवार ने मयंक के निधन का कारण अभी तक नहीं बताया है।

(@pawarmayank)