बहराइच में युवक की संदिग्ध मौत: पत्नी और ससुराल पक्ष पर आरोप
बहराइच में युवक का शव पेड़ से लटका मिला
लखनऊ: बहराइच के रूपईडीहा थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ पाया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के परिवार का कहना है कि युवक अपनी पत्नी और ससुराल वालों से मारपीट के कारण मानसिक तनाव में था। अगले दिन उसका शव गांव के पास एक पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान 23 वर्षीय लवकुश शुक्ला के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह जैतापुर मोड़ के निकट लोगों ने शव को लटकता देखा, जिसके बाद वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
लवकुश के पिता संत कुमार ने बताया कि उसकी शादी लगभग पांच साल पहले जिगनिया निवासी आशा देवी से हुई थी। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार का कहना है कि पत्नी को सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक था, जिसके कारण अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते थे। बताया गया कि करीब एक साल पहले विवाद के बाद आशा देवी अपने मायके चली गई थी और वहीं रह रही थी। बुधवार को लवकुश गेहूं बेचकर पत्नी को वापस लाने के लिए ससुराल गया था, जहां किसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
परिजनों का आरोप है कि पत्नी ने लवकुश को थप्पड़ और डंडे से पीटा, जबकि ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों ने भी उसके साथ मारपीट की। घायल और परेशान लवकुश घर लौटकर परिजनों को पूरी घटना बताई और फिर पुलिस के पास शिकायत लेकर गया। परिवार का कहना है कि पुलिस ने इसे सामान्य पति-पत्नी का मामला मानकर गंभीरता से नहीं लिया और उसे वापस भेज दिया। इसके बाद गुरुवार सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। रूपईडीहा थाना प्रभारी रमेश सिंह रावत ने बताया कि युवक बाबागंज पुलिस चौकी गया था, लेकिन थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस के अनुसार, युवक पत्नी को लेने ससुराल गया था, जहां उसके साथ मारपीट हुई। इसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
