बांग्लादेश में हिंदू महिला के साथ बलात्कार का मामला, आरोपी गिरफ्तार

बांग्लादेश में शर्मनाक घटना
नई दिल्ली - बांग्लादेश से एक बेहद शर्मनाक घटना की सूचना आई है, जहां एक नेता ने एक हिंदू महिला के साथ बलात्कार किया। आरोपी ने पहले महिला को निर्वस्त्र किया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने 35 हजार टका की उधारी के लिए इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। फजर अली नामक यह व्यक्ति खुद को खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) से जुड़ा बताता है। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। गुस्साए हिंदू समुदाय ने इस घटना के खिलाफ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया है। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य आरोपी और वीडियो बनाने वाले लोग शामिल हैं।
पीड़िता के भाई ने बताया कि उनके परिवार ने आरोपी से 35 हजार टका उधार लिया था, जिसकी चुकौती की तारीख निकल चुकी थी। पैसे की मांग को लेकर फजर अली गुरुवार रात करीब 11 बजे उनके घर आया। उस समय पीड़िता अपनी छोटी बच्ची के साथ अकेली थी, जबकि अन्य परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे। जब महिला ने दरवाजा खोलने से मना किया, तो आरोपी ने दरवाजा तोड़कर घर में घुस गया। उसने महिला को जबरन निर्वस्त्र किया और उसके साथ बलात्कार किया।
महिला की चीखें सुनकर पड़ोसी दौड़कर आए और उन्होंने आरोपी को महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। किसी ने इस घटना का वीडियो बना लिया। शुरू में लोगों ने महिला को ही दोषी समझा और उसे पीटने लगे, लेकिन जब उसने अपनी आपबीती सुनाई, तो भीड़ का गुस्सा आरोपी पर टूट पड़ा। फजर अली को मौके पर ही बुरी तरह पीटा गया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। हालांकि, पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया है।