बिहार में जहरीली शराब से चार की मौत, तेजस्वी यादव ने सरकार पर उठाए सवाल
मोतिहारी में जहरीली शराब का मामला
मोतिहारी में जहरीली शराब: बिहार में शराबबंदी के बावजूद जहरीली शराब से मौतों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में मोतिहारी जिले में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि छह लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है। इसके अलावा, 15 अन्य की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। इस घटना पर नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर तीखा हमला किया है।
तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'मोतिहारी में जहरीली शराब के कारण चार लोगों की मौत और छह लोगों की आंखों की रोशनी चले जाना अत्यंत दुखद है। यह घटना एक बार फिर एनडीए सरकार के शराबबंदी कानून की विफलता को उजागर करती है। आंकड़ों के अनुसार, शराबबंदी लागू होने के बाद से बिहार में जहरीली शराब से 1300 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। यह केवल सरकारी आंकड़ा है, असल संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है।'
मोतिहारी में जहरीली शराब के कारण 4 लोगों की मौत, 6 लोगों की आंखों की रोशनी चले जाना और कई लोगों की हालत गंभीर होना अत्यंत दुखद है। यह घटना एक बार फिर एनडीए सरकार के शराबबंदी कानून की विफलता और उसकी गंभीर खामियों को उजागर करती है।
हालांकि यह बिल्कुल भी पहली बार नहीं है। उपलब्ध…
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) April 3, 2026
तेजस्वी ने आगे कहा, 'शराबबंदी कानून का उद्देश्य अब पूरी तरह भटक चुका है। यह कानून सत्ताधारी भाजपा-जदयू के कुछ नेताओं और भ्रष्ट अधिकारियों के लिए कमाई का साधन बन गया है। बिहार में जहरीली शराब का निर्माण और बिक्री खुलेआम हो रही है, और इसकी कीमत आम लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है।'
हत्या का मामला दर्ज
मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में हुई इस घटना में चार लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 15 लोग गंभीर स्थिति में हैं। प्रशासन ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
