बिहार में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला, आरोपी गिरफ्तार
छपरा में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना
पटना। बिहार के छपरा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक दरिंदे ने एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया। यह बच्ची इलाज के लिए नर्सिंग होम गई थी, जहां अस्पताल के एक कर्मचारी ने उसे अपने हवस का शिकार बना लिया। घटना के बाद आरोपी बच्ची को बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो और दुष्कर्म के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
छपरा जिले के एक गांव की नाबालिग बच्ची हाल ही में फूड पॉइजनिंग का शिकार हुई थी। परिजनों ने उसे भगवान बाजार थाना क्षेत्र के होप हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इसी दौरान, अस्पताल में काम करने वाले कंपाउंडर ने मौके का फायदा उठाते हुए बच्ची को शौचालय में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची बेहोश हो गई, और आरोपी डर के मारे अस्पताल से भाग गया। जब बच्ची होश में आई, तो उसने अपने परिजनों को इस घटना की जानकारी दी। परिजनों ने तुरंत भगवान बाजार थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सारण जिले के इशुआपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के मोनू कुमार के रूप में हुई है।
