बिहार में पत्नी पर पति की हत्या का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
बेगूसराय में हत्या का मामला
पटना। बिहार के बेगूसराय जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्राइवेट बैंक के कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। मृतक के पिता ने बहु पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि बहु ने अपने ससुर पर जिंदा जलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। इसके अलावा, उसने सास और देवर पर भी मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
राजीव सिंह, जो बेगूसराय के इटवा मोहल्ले में रहते थे, अपनी पत्नी पूर्वी के साथ अलग किराए के मकान में रहते थे। राजीव के पिता रामाशीष सिंह ने बताया कि उनके बेटे और बहु के बीच पैसों को लेकर अक्सर विवाद होता था। पूर्वी अपने मायके पैसे भेजने के लिए राजीव से जबरन पैसे लेती थी। पहले भी उसने राजीव के साथ मारपीट की थी और उसके कान और नाक को भी चोट पहुंचाई थी। शुक्रवार को उसने राजीव का प्राईवेट पार्ट दबाकर उसकी हत्या कर दी। इससे पहले भी उसने राजीव का सिर फोड़ने की कोशिश की थी।
पूर्वी ने ससुराल वालों पर आरोप लगाते हुए कहा कि सास और देवर हमेशा उसके साथ मारपीट करते थे। उसने यह भी कहा कि ससुर उसे जिंदा जलाने की धमकी देता था। पुलिस ने पूर्वी को हिरासत में लिया है, लेकिन वह पूछताछ में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। उल्टा, वह पुलिस से सवाल कर रही है कि वह अपने पति की हत्या क्यों करेगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा और मामले की जांच जारी है।
