बिहार में पुलिस पर महिलाओं का हमला, वीडियो हुआ वायरल
सहरसा में पुलिसकर्मियों पर हमला
पटना। बिहार के सहरसा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिसकर्मियों पर महिलाओं ने हमला किया। डायल 112 की टीम, जो दो बंधकों को छुड़ाने के लिए पहुंची थी, को गांव की महिलाओं ने बुरी तरह पीट दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में महिलाएं एक दरोगा को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते हुए नजर आ रही हैं, जबकि दरोगा खुद को बचाने की कोशिश कर रहा है। यह घटना बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के हिंदूपुर गांव में हुई।
बिहार सहरसा बंधक लड़कों को छुड़ाने पहुँची 112 की पुलिस अधिकारी आसिफ अनवर अपनी टीम के साथ पहुँचे थे। तब महिलाओं द्वारा पुलिस के साथ मारपीट की गई। कपड़ों से पहचानो पुलिस पर हमला करने वाला गिरोह इस मुद्दे पर चुप्पी साधे बैठा है। pic.twitter.com/8VTI3raLR4
— Ilyas (@Ilyas_SK_31) March 2, 2026
वायरल वीडियो में पिटते हुए पुलिसकर्मी सिमरी बख्तियारपुर थाने में डायल 112 के तहत तैनात हैं। जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी को डायल 112 को सूचना मिली थी कि कहरा ब्लॉक के सिराडे पट्टी के निवासी श्याम सुंदर शर्मा के बेटे भैरव कुमार और अनूप शर्मा के बेटे राहुल कुमार को हिंदूपुर गांव में कुछ लोगों ने बंधक बना लिया है। पुलिसकर्मी जब उन्हें छुड़ाने पहुंचे, तो वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित पुलिसकर्मी आसिफ अनवर खान ने बख्तियारपुर थाने में पांच नामजद महिलाओं और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बंधक बनाए गए दोनों युवक गांव के लोगों के घर में फोटो खींच रहे थे, जिसे देखकर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और अंदर बंद कर दिया। पुलिस को सूचना मिलने पर वे उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन इस दौरान गांव की महिलाओं ने उन पर हमला कर दिया। एक युवक ने इस मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
