बिहार में युवती के साथ गैंगरेप, चार आरोपी गिरफ्तार
भोजपुर में युवती के साथ हुई बर्बरता
नई दिल्ली। बिहार के भोजपुर जिले में एक युवती के साथ उसके दोस्तों ने क्रूरता की सभी सीमाएं पार कर दीं। एक दोस्त ने उसे मिलने के लिए बुलाया और फिर अपने दस साथियों के साथ मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया। जब युवती की स्थिति गंभीर हो गई, तो सभी आरोपी उसे मरणासन्न अवस्था में छोड़कर भाग गए। पुलिस ने पीड़िता के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
भोजपुर जिले के करनामेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी युवती की दोस्ती पास के गांव संइया के उपेंद्र यादव उर्फ लल्लू यादव से थी। लल्लू ने उसे मिलने के लिए बुलाया, और जब वह वहां पहुंची, तो उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। जब युवती की हालत बिगड़ गई, तो सभी आरोपी उसे गंभीर अवस्था में छोड़कर भाग गए। किसी तरह युवती ने अपने परिवार को इस घटना की जानकारी दी। परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए और पुलिस को सूचित किया। पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी लल्लू यादव और उसके दस साथियों के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इनमें से दो आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
