बिहार में सहायक अभियंता पदों के लिए परीक्षा का नया कार्यक्रम जारी

बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा
बिहार। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने सहायक अभियंता के पदों के लिए लिखित परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। यह परीक्षा विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्तियों के लिए आयोजित की जा रही है। जिन उम्मीदवारों ने इसके लिए आवेदन किया है, वे अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परीक्षा कार्यक्रम डाउनलोड कर सकते हैं। सहायक अभियंता (सिविल) के लिए 984, सहायक अभियंता (मैकेनिकल) के लिए 36 और सहायक अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के लिए 4 पदों की भर्ती की जा रही है। आयोग के अनुसार, यह परीक्षा 17, 18 और 19 जुलाई को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 11 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली 1 बजे से 2 बजे तक होगी। पहले यह परीक्षा 5, 6 और 7 जुलाई 2025 को निर्धारित की गई थी, जिसे अब संशोधित किया गया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1024 सहायक अभियंता पद भरे जाएंगे.
परीक्षा पैटर्न और योग्यता मानदंड के अनुसार, लिखित परीक्षा में कुल छह पेपर होंगे, जिनमें चार अनिवार्य और दो वैकल्पिक होंगे। अनिवार्य पेपरों में सामान्य अंग्रेजी, सामान्य हिंदी, सामान्य अध्ययन और सामान्य इंजीनियरिंग विज्ञान शामिल हैं। सभी पेपर वस्तुनिष्ठ प्रकार के होंगे। वैकल्पिक पेपर भी वस्तुनिष्ठ होंगे, जो अभ्यर्थियों की विशेषज्ञता के अनुसार सिविल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में विभाजित होंगे.
इसके अलावा, सामान्य अंग्रेजी और सामान्य हिंदी के पेपर केवल योग्यता मापदंड के रूप में होंगे, जिसमें उम्मीदवारों को प्रत्येक विषय में न्यूनतम 30 अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। यदि कोई उम्मीदवार इन दोनों पेपरों में न्यूनतम अंक प्राप्त नहीं करता है, तो उसके अन्य पेपरों का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा.