बीकाजी के संस्थापक शिवरतन अग्रवाल का निधन, उद्योग में शोक की लहर
शिवरतन अग्रवाल का निधन
चेन्नई: भारत की प्रसिद्ध स्नैक्स और नमकीन कंपनी बीकाजी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (CMD) शिवरतन अग्रवाल का आज सुबह चेन्नई में निधन हो गया। 74 वर्षीय अग्रवाल अपनी पत्नी के इलाज के लिए चेन्नई आए थे, जहां उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। इस दुखद घटना ने कॉरपोरेट और उद्योग जगत में शोक की लहर दौड़ा दी है।
पत्नी की सर्जरी के कारण चेन्नई में थे
जानकारी के अनुसार, शिवरतन अग्रवाल की पत्नी की हाल ही में हार्ट बाईपास सर्जरी हुई थी। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी थी, जिसके चलते वे चेन्नई के एक होटल में ठहरे हुए थे। गुरुवार सुबह लगभग 7:30 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिवार ने उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
बीकाजी ब्रांड की स्थापना
शिवरतन अग्रवाल ने 1993 में राजस्थान के बीकानेर से अपने कारोबारी सफर की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने दूरदर्शी दृष्टिकोण और मेहनत से बीकाजी ब्रांड की नींव रखी। यह कंपनी एक छोटे से व्यवसाय के रूप में शुरू हुई थी, लेकिन आज यह भारत और विश्व में एक प्रमुख फूड और स्नैक्स ब्रांड के रूप में जानी जाती है। उनके निधन को भारतीय उद्योग के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।
कंपनी का मार्केट कैप
दो दशकों से अधिक समय में, शिवरतन अग्रवाल ने बीकाजी को एक मजबूत स्नैक्स कंपनी में बदल दिया। वर्तमान में कंपनी का मार्केट कैप लगभग 13,430 करोड़ रुपये है, और इसकी पहचान भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी बनी हुई है।
