भाजपा नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा को दी श्रद्धांजलि

साहिब सिंह वर्मा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि
नई दिल्ली: भाजपा के पूर्व नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. साहिब सिंह वर्मा की पुण्यतिथि पर सोमवार को कई भाजपा नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके बेटे और मंत्री प्रवेश वर्मा ने हवन में आहुति देकर अपने पिता को याद किया।
दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मीडिया से बातचीत में कहा, “डॉ. साहिब सिंह वर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान जो आधारशिला रखी थी, उस पर आज हमारी सरकार खड़ी है।”
उन्होंने आगे कहा, “आज डॉ. साहिब सिंह वर्मा की पुण्यतिथि है। आज हर कोई उन्हें याद कर रहा है। दिल्ली में हजारों कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मिलकर काम किया और दिल्ली के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आज सभी कार्यकर्ता उनके कार्यों को याद कर रहे हैं, इसी कारण इतनी बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने आए हैं।”
वीरेंद्र सचदेवा ने डॉ. साहिब सिंह वर्मा को एक अद्वितीय नेता बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. साहिब सिंह वर्मा ने हर पद पर रहते हुए निष्ठा से कार्य किया, चाहे वह नेता हों या कार्यकर्ता। उनका एकमात्र लक्ष्य दिल्ली का विकास करना था, और इस दिशा में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे आज भी दिल्ली की जनता याद करती है।
उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में साहिब सिंह वर्मा जैसे व्यक्तित्व बहुत कम मिलते हैं, जो हर पद पर रहते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं।
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली की जनता उनके विकास कार्यों को याद कर रही है। भारतीय राजनीति में साहिब सिंह जैसे नेता बहुत कम देखने को मिलते हैं। उन्होंने राजनीति को एक नई दिशा दी थी। उनके जाने के इतने सालों बाद भी लोग उन्हें याद करते हैं, जो यह दर्शाता है कि लोग उनसे कितना प्यार करते थे।
हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा, “डॉ. साहिब सिंह वर्मा ने देश की राजनीति को मुख्य धारा से जोड़ा। उन्होंने एक गांव से उठकर दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में यहां के स्वरूप को बदलने का प्रयास किया, जो प्रशंसनीय है। इसके अलावा, उन्होंने दिल्ली के ग्रामीण लोगों को यह एहसास दिलाया कि यहां की सरकार उनकी सरकार है।”
उन्होंने कहा कि डॉ. साहिब सिंह वर्मा ने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। जब उन्हें भारत के श्रम मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली, तो उन्होंने दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को जोड़ने का कार्य किया। साहिब सिंह वर्मा के नेतृत्व में काम कर चुके सभी कार्यकर्ता आज कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने हमेशा गरीब, किसान और मजदूरों की भलाई की बात की।