भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल आग में झुलसी, अस्पताल में भर्ती
भाजपा विधायक की आग में झुलसने की घटना
UP News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल विपक्षी नेताओं के पुतले जलाते समय आग की चपेट में आ गईं, जिससे उनका चेहरा झुलस गया। इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
भाजपा द्वारा आयोजित महिला जन आक्रोश रैली में प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही, सांसद डॉ. आनंद गोंड, विधायक अनुपमा जायसवाल और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे। शनिवार दोपहर को सभी कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने विपक्ष के नेताओं का पुतला जलाना शुरू किया, जिसमें आग की लपटें भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल तक पहुंच गईं। उन्हें तुरंत पुलिस वाहन से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
डीएम अक्षय त्रिपाठी और एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सकीय टीम ने उनका परीक्षण किया और डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। सर्जन और त्वचा रोग विशेषज्ञ को भी बुलाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, उनके चेहरे का लगभग चार प्रतिशत प्रभावित हुआ है, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।
