भाजपा विधायक के उत्पीड़न से परेशान पूर्व सैनिक ने किया आत्महत्या का प्रयास

गाजियाबाद में भाजपा विधायक के खिलाफ पूर्व सैनिक की शिकायत
लखनऊ। गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के उत्पीड़न से परेशान एक 65 वर्षीय रिटायर्ड सैनिक, सत्यवीर गुर्जर, ने मुख्यमंत्री के जनता दरबार में जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उनका आरोप है कि विधायक के इशारे पर उनसे 'नंदू टैक्स' वसूला जा रहा है और उनके घर का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया है।
सत्यवीर गुर्जर को लखनऊ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना की जानकारी मिलने पर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने अस्पताल जाकर पूर्व सैनिक का हालचाल लिया और घटना की सच्चाई को समझने का प्रयास किया।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार में मंत्री से लेकर संतरी तक सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और आम लोगों का शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह भाजपा विधायक सैनिकों का भी सम्मान नहीं कर रहे हैं। कांग्रेस इस घटना की कड़ी निंदा करती है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस हमेशा से सैनिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए खड़ी रही है और सत्यवीर गुर्जर को न्याय दिलाने के लिए पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ है।