Newzfatafatlogo

भारत के खिलाफ भड़काऊ पोस्ट पर ऑस्ट्रियाई अर्थशास्त्री का अकाउंट ब्लॉक

भारत सरकार ने ऑस्ट्रियाई अर्थशास्त्री गुंथर फेहलिंगर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उनके भड़काऊ पोस्ट के बाद, जिसमें उन्होंने खालिस्तान का समर्थन किया, उनका सोशल मीडिया अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया। इस कदम को देश की सुरक्षा के लिए आवश्यक माना गया। जानें इस मामले की पूरी जानकारी और भारत-ऑस्ट्रिया संबंधों पर इसका प्रभाव।
 | 
भारत के खिलाफ भड़काऊ पोस्ट पर ऑस्ट्रियाई अर्थशास्त्री का अकाउंट ब्लॉक

भारत सरकार की सख्त कार्रवाई

नई दिल्ली: भारत के खिलाफ जहर उगलने और देश को तोड़ने की अपील करने वाले ऑस्ट्रियाई अर्थशास्त्री गुंथर फेहलिंगर याह्न के खिलाफ भारत सरकार ने कठोर कदम उठाया है। गृह मंत्रालय और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के निर्देश पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) ने फेहलिंगर के अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया है।


गुंथर फेहलिंगर ने हाल ही में अपने एक्स हैंडल पर एक भड़काऊ और विवादास्पद पोस्ट साझा किया, जिसमें उसने खालिस्तान का एक नक्शा भी दिखाया। उसने लिखा, 'मैं भारत को खत्म कर 'ExIndia' बनाने का आह्वान करता हूं। नरेंद्र मोदी रूस के आदमी हैं। हमें खालिस्तान की स्वतंत्रता के लिए मित्रों की जरूरत है।'


इस पोस्ट के सामने आने के बाद भारतीय यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी और इसे देश की संप्रभुता पर सीधा हमला बताया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इसे देश की सुरक्षा के लिए खतरा माना। मंत्रालयों ने 'एक्स' को तुरंत निर्देश दिया कि इस अकाउंट को भारतीय यूजर्स के लिए ब्लॉक किया जाए, जिसके बाद कंपनी ने यह कार्रवाई की।


गुंथर फेहलिंगर याह्न खुद को यूक्रेन, कोसोवो, बोस्निया और ऑस्ट्रिया की नाटो सदस्यता के लिए बनी ऑस्ट्रियन कमेटी का अध्यक्ष बताता है। जब विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी से पूछा गया कि क्या यह मुद्दा ऑस्ट्रिया सरकार के समक्ष उठाया जाएगा, तो उन्होंने फेहलिंगर को कोई महत्व देने से इनकार कर दिया। अधिकारी ने कहा, 'उन्हें इतनी अहमियत क्यों दी जाए? वह एक पागल व्यक्ति है। किसी आधिकारिक पद पर नहीं हैं।'


यह घटना ऐसे समय में हुई है जब भारत और ऑस्ट्रिया के बीच संबंध मजबूत हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल जुलाई 2024 में ऑस्ट्रिया का ऐतिहासिक दौरा किया था, जो 41 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली ऑस्ट्रिया यात्रा थी।