भारत के लिए एलपीजी का नया जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर रहा है
एलपीजी का बड़ा स्टॉक लेकर एमवी सनशाइन भारत की ओर बढ़ रहा है
नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कमी की अफवाहों के बीच एक सकारात्मक खबर आई है। हाल ही में, भारत के लिए एलपीजी से भरा एक और पोत, एमवी सनशाइन, होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित रूप से पार कर चुका है और यह भारत की ओर बढ़ रहा है। इस पोत के अगले दो से तीन दिनों में भारतीय बंदरगाह पर पहुंचने की उम्मीद है।
यह जहाज सुरक्षित रूप से आगे बढ़ रहा है। ध्यान रहे कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के कारण मार्च के पहले सप्ताह से ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से बंद कर दिया था, लेकिन उसने भारत सहित अपने मित्र देशों के जहाजों को निकलने का आश्वासन दिया था। यह 15वां पोत है जो होर्मुज से सुरक्षित निकल चुका है।
कैसे पार हुआ होर्मुज जलडमरूमध्य
एलपीजी टैंकर एमवी सनशाइन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए भारतीय नौसेना और अन्य एजेंसियां लगातार सहयोग कर रही हैं। यह भारत के लिए रवाना होने वाला 15वां जहाज है जिसे फारस की खाड़ी से सुरक्षित निकाला गया है। मौजूदा क्षेत्रीय तनाव के बीच इस अभियान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारतीय नौसेना ने इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए जहाजों को आवश्यक सुरक्षा और एस्कॉर्ट प्रदान किया। एक अधिकारी ने बताया कि 15वां जहाज पहले ही होर्मुज पार कर चुका है और अंतिम जहाज भी सुरक्षित मार्ग पर है। हाल के दिनों में भारतीय नौसेना ने इस क्षेत्र में अपनी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है।
केंद्र सरकार का बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील के बाद जब विपक्षी दलों ने इसे बड़ा मुद्दा बनाते हुए देश में पेट्रोल-डीजल की कमी की बात कही, तो पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि देश में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि हमारे पास 45 दिन का एलपीजी और 60 दिन का पेट्रोल और डीजल का भंडार सुरक्षित है।
