भारत टैक्सी ऐप: नई को-ऑपरेटिव टैक्सी सेवा का शुभारंभ
भारत टैक्सी ऐप का लॉन्च
भारत टैक्सी ऐप का उद्घाटन: देश की पहली सहकारी टैक्सी सेवा 'भारत टैक्सी ऐप' का आज आधिकारिक रूप से शुभारंभ किया गया। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विज्ञान भवन में इस सेवा का उद्घाटन किया। इस सेवा के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए 'बाइक दीदी' जैसी पहलें भी शुरू की गई हैं।
यह सेवा सहकारिता मंत्रालय द्वारा शुरू की गई है और यह ओला, उबर और रैपिडो जैसी निजी राइड-हेलिंग कंपनियों की एकाधिकार को चुनौती देगी। भारत टैक्सी के लॉन्च के साथ, भारतीय टैक्सी बाजार में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा। इस सेवा के माध्यम से उपयोगकर्ताओं को सर्ज प्राइसिंग से राहत मिलेगी और कैब चालकों को कमिशन से मुक्ति मिलेगी। यह सेवा देश की आठ प्रमुख सहकारी संस्थाओं के सहयोग से संचालित की जाएगी।
भारत टैक्सी का मानना है कि अन्य ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं की तरह इसमें भी समान किराया होगा। लेकिन पहली स्वदेशी ऐप के आने से प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिससे ओला और उबर जैसी कंपनियों को अपने किराए में कमी लानी पड़ेगी। इसका सीधा लाभ ग्राहकों को होगा। भारत टैक्सी के सीईओ विवेक पांडेय ने कहा कि, 'वर्तमान में भारत टैक्सी से जुड़े ड्राइवरों से कोई सर्विस चार्ज नहीं लिया जा रहा है, लेकिन भविष्य में 25 से 30 रुपए प्रतिदिन लिया जा सकता है। जबकि ओला और उबर अधिक कमीशन लेते हैं।'
