भारत ने यूएन में पाकिस्तान को आतंकवाद पर दी कड़ी चेतावनी
भारत की कड़ी प्रतिक्रिया
नई दिल्ली: संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को आतंकवाद और जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर कड़ी फटकार लगाई। भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी हरीश ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ कठोर कदम उठाता रहेगा और इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
पी हरीश ने पाकिस्तान के आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद और निराधार बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से भारत को पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित सीमा-पार आक्रामकता का सामना करना पड़ा है। पाकिस्तान ने उन भारतीय क्षेत्रों पर कब्जा करने की कोशिश की है, जो कानूनी रूप से भारत का अभिन्न हिस्सा हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने कई बार बिना किसी उकसावे के भारत पर हमले किए, युद्ध छेड़े और लगातार सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा दिया। यह संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के सिद्धांतों का खुला उल्लंघन है। पी हरीश ने कहा कि पाकिस्तान की ‘भारत को हजार घाव देने’ की नीति उसके यूएन चार्टर के प्रति खोखले दावों को उजागर करती है।
भारत के स्थायी प्रतिनिधि ने स्पष्ट किया कि देश को अपनी सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा का पूरा अधिकार है। उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान को समझना होगा कि आतंकवाद को समर्थन देने की उसकी नीति के गंभीर परिणाम होंगे।
पी हरीश ने आगे कहा कि पाकिस्तान अपनी स्थापना के समय से ही आतंकवाद, धार्मिक कट्टरता, हिंसक उग्रवाद और भारत विरोधी दुष्प्रचार को बढ़ावा देता रहा है। उन्होंने कहा कि इन तथ्यों के पर्याप्त प्रमाण सार्वजनिक रिकॉर्ड में मौजूद हैं और अब पाकिस्तान को हर प्रकार के आतंकवाद का समर्थन हमेशा के लिए बंद करना होगा।
