भारत-नेपाल सीमा पर ड्रग तस्करों की गिरफ्तारी, भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद
महत्वपूर्ण गिरफ्तारी
महत्वपूर्ण समाचार ब्यूरो महराजगंज :: भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुरन्दरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुरुवार की सुबह रानीपुर चौराहे पर घेराबंदी कर बाइक पर सवार दो तस्करों को पकड़ लिया। आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में नशीली सिरप और ट्रामाडोल मिश्रित कैप्सूल बरामद हुए, जिन्हें नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि एएसपी सिद्धार्थ और सीओ दीपशिखा वर्मा के मार्गदर्शन में पुरन्दरपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों से 123 पीस कोडिसन सिरप, 960 ट्रामाडोल मिश्रित कैप्सूल, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त टीवीएस स्टार सिटी बाइक बरामद की। इन दवाओं की कुल कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मुकेश पाण्डेय, निवासी डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर और योगेश तिवारी, निवासी खोराबार, गोरखपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे कई महीनों से गोरखपुर से नशीली दवाएं लाकर नेपाल में सप्लाई कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, बरामद दवाओं का उपयोग “कॉकटेल ड्रग” के रूप में किया जाता है, जिससे युवाओं में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में शामिल टीम में एसआई अनुराग प्रकाश पाण्डेय, उपनिरीक्षक देवेश प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल अजीत यादव और कांस्टेबल सतीश चौहान शामिल थे।
