भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए खाड़ी देशों से अभियान शुरू
भारतीय नागरिकों की वापसी का अभियान
मंगलवार शाम तक दुबई और अबू धाबी से 2000 से अधिक भारतीय लौट चुके हैं, अभियान आज भी जारी रहेगा।
US-Iran War Live Update: नई दिल्ली: अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों के कारण ईरान में भारी तबाही मची हुई है। इसके साथ ही, ईरान खाड़ी देशों पर लगातार हमले कर रहा है, जिससे पश्चिमी एशिया में युद्ध का माहौल बन गया है। इस स्थिति में हजारों भारतीय नागरिक, जो रोजगार के लिए वहां गए थे, फंस गए हैं। भारतीय सरकार ने अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने का निर्णय लिया है। इसी के तहत मंगलवार को कई विमान खाड़ी देशों से भारतीयों को लेकर भारत के विभिन्न हिस्सों में पहुंचे।
मंगलवार को कुल 7 उड़ानें भारत पहुंचीं
मंगलवार को 2100 से अधिक भारतीय नागरिक 7 उड़ानों के माध्यम से देश लौटे। हालांकि, मध्य पूर्व के कई देशों में एयरस्पेस बंद होने के कारण दिल्ली, मुंबई, बैंगलोर और चेन्नई एयरपोर्ट पर 250 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें दिल्ली से 80+, मुंबई से 107, बेंगलुरु से 42 और चेन्नई से 30 उड़ानें शामिल हैं। इस तनाव के कारण एअर इंडिया ने जेद्दा और दुबई के लिए विशेष राहत उड़ानें शुरू की हैं। इसके अलावा, इंडिगो ने जेद्दा से हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए 10 विशेष उड़ानें भी संचालित की हैं।
भारत के 37 मालवाहक जहाज फंसे
इस स्थिति के कारण भारतीय झंडे वाले 37 जहाज और उनमें सवार 1,109 भारतीय नाविक वर्तमान में फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में फंसे हुए हैं। इन जहाजों में भारत के लिए आवश्यक कच्चा तेल और एलएनजी लदा हुआ है। जहाजों पर काम करने वाले कम से कम 3 भारतीय नाविकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक नाविक घायल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिपिंग मंत्रालय ने एक 'क्विक रिस्पांस टीम' का गठन किया है, जो फंसे हुए नाविकों और उनके परिवारों की सहायता के लिए 24 घंटे काम करेगी।
पीएम मोदी ने 8 खाड़ी देशों के नेताओं से बात की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीयों की सुरक्षा को लेकर 8 खाड़ी देशों के नेताओं से बातचीत की है। उन्होंने ओमान के सुल्तान, कतर के अमीर और कुवैत के क्राउन प्रिंस से फोन पर बात की और वहां हुए हमलों की निंदा की।
