मणिपुर में बाढ़ की स्थिति में सुधार, 1.65 लाख लोग प्रभावित

मणिपुर में बाढ़ की स्थिति में सुधार
- फसलों को 115.59 हेक्टेयर में नुकसान
- नदियों ने कई तटबंधों को तोड़ दिया, स्थिति और बिगड़ी
मणिपुर में बाढ़ की स्थिति में सुधार: अधिकारियों के अनुसार, मणिपुर में बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ है। बारिश की तीव्रता में कमी आने के कारण प्रमुख नदियों का जलस्तर घटा है, जिससे बाढ़ की स्थिति में काफी सुधार देखने को मिला है। राज्य में 31 मई से लगातार भारी बारिश हो रही थी, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ था।
सुरक्षा बलों का आपरेशन जलराहत-2
अधिकारियों ने बताया कि असम राइफल्स और सेना ने पूरे राज्य में आपरेशन जलराहत-2 के तहत बचाव और राहत कार्य शुरू किया है। उफनती इंफाल, कोंगबा और नम्बुल नदियों ने कई तटबंधों को तोड़ दिया है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
4,097 लोगों को सुरक्षित किया गया
अधिकारियों के अनुसार, अब तक 4,097 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और उन्हें 78 राहत शिविरों में रखा गया है। मंगलवार को इंफाल पश्चिम जिले में एक 57 वर्षीय व्यक्ति नदी में बह गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
35,242 घरों को नुकसान
बाढ़ के कारण पूरे राज्य में 1.65 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा, 35,242 घरों को नुकसान पहुंचा है और बारिश ने 115.59 हेक्टेयर में फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है।