मध्य प्रदेश में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार महिलाओं की मौत, 22 घायल
श्योपुर में दर्दनाक सड़क हादसा
श्योपुर: मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई है। विजयपुर क्षेत्र में घटित इस घटना में चार महिलाओं की जान चली गई, जबकि 22 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरपुर के घुघस गांव से लोग पार्वती बड़ौदा गांव में भात देने के लिए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान विजयपुर क्षेत्र में गैस गोदाम के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में चार महिलाओं की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान सरोज पत्नी मगन गुर्जर, सुनेना पत्नी कल्ला गुर्जर, सीमा पत्नी कालू गुर्जर और गीता पत्नी घनश्याम गुर्जर के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर पोस्ट करते हुए कहा कि श्योपुर जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से महिलाओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि घायलों को चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है और मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाएगी।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
