मनोहर लाल खट्टर ने करनाल में जनता से की मुलाकात, समस्याओं का किया समाधान
करनाल में आम जनता से संवाद
चंडीगढ़ - केंद्रीय ऊर्जा, आवासन और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने करनाल के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी समस्याओं को सुना और कई मुद्दों का त्वरित समाधान किया।
मनोहर लाल ने लोगों से बातचीत करते हुए अधिकारियों को शेष समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एलपीजी और तेल की आपूर्ति एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा है, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार ने आम जनता को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करने दिया। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि ऐसे संवेदनशील मुद्दों को राजनीतिक रंग देने से बचना चाहिए और सभी को मिलकर चुनौतियों का सामना करना चाहिए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष गैस की कथित कमी का मुद्दा उठाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है, जबकि गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त एलपीजी का स्टॉक उपलब्ध है और विदेशों से भी तेल और एलपीजी की निरंतर आपूर्ति हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत एक शांतिप्रिय देश है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिससे विश्व स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा भी बढ़ी है।
