महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि

महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती: आज 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जन्मदिन मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर विजय घाट पर श्रद्धांजलि दी। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी महात्मा गांधी की जयंती पर राजघाट पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, 'गाँधी जयंती, प्रिय बापू के असाधारण जीवन को श्रद्धांजलि देने का दिन है, जिनके आदर्शों ने मानव इतिहास की दिशा बदल दी। उन्होंने दिखाया कि कैसे साहस और सादगी महान परिवर्तन के साधन बन सकते हैं। वे सेवा और करुणा की शक्ति को लोगों को सशक्त बनाने के अनिवार्य साधन मानते थे। हम एक विकसित भारत के निर्माण के अपने अभियान में उनके बताए मार्ग पर चलते रहेंगे।'
एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, 'श्री लाल बहादुर शास्त्री जी एक असाधारण राजनेता थे जिनकी ईमानदारी, विनम्रता और दृढ़ संकल्प ने चुनौतीपूर्ण समय में भी भारत को सशक्त बनाया। वे अनुकरणीय नेतृत्व, शक्ति और निर्णायक कार्रवाई के प्रतीक थे। 'जय जवान जय किसान' के उनके आह्वान ने हमारे लोगों में देशभक्ति की भावना जगाई। वे हमें एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करते रहते हैं।'