महाराष्ट्र में पत्नी ने पति की हत्या कर शव को घर में दफनाया

नालासोपारा हत्या मामला
Nalasopara Murder Case: देश के विभिन्न हिस्सों में हत्या के जघन्य मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में मेरठ में ड्रम केस और दिल्ली में एक पत्नी द्वारा पति की हत्या के बाद, अब एक नया मामला महाराष्ट्र के पालघर जिले से सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर उसे अपने घर में दफना दिया और फिर उस स्थान पर टाइल्स लगवा दिए। बताया जा रहा है कि पति को दफनाने के बाद, वह उसी जगह पर कुछ दिन तक रही और वहीं सोती थी। पुलिस ने इस मामले में कई चौंकाने वाले तथ्य उजागर किए हैं।
पुलिस ने कैसे किया खुलासा?
पुलिस ने बताया कि उन्हें घर में दफनाया गया शव मिला है, जो गायब चल रहे विजय चौहान का था। विजय के भाई ने शव की पहचान की। इसके बाद पेल्हार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस कमिश्नर और पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में कई टीमों का गठन किया गया और आरोपियों की खोज शुरू की गई।
पुलिस का कहना है कि तकनीकी सबूत मिले हैं जो बताते हैं कि आरोपी पुणे में मौजूद हैं। टीम ने पूरे क्षेत्र की जांच की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 7 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया।
हत्या का कारण
जब पुलिस से हत्या के कारण के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि विजय चौहान की पत्नी का पड़ोस में रहने वाले मोनू शर्मा के साथ अफेयर चल रहा था। इस कारण विजय, उसकी पत्नी, मोनू और उसके परिवार के बीच विवाद चल रहा था। दोनों ने विजय को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या कर दी।
पुलिस की आगे की जांच
कोर्ट में पुलिस ने कहा कि मृतक का मोबाइल गायब है और उन्हें यह पता लगाना है कि पुराने टाइल्स कहां फेंके गए। इसके अलावा, यह भी जानना है कि हत्या किस हथियार से की गई और घर की खुदाई में कितने लोग शामिल थे। सभी का बयान लेना आवश्यक है। इसके साथ ही यह भी जानना है कि आरोपियों ने नए टाइल्स कहां से खरीदे थे। इन सभी सवालों के जवाब खोजने के लिए हिरासत की आवश्यकता है।