महिला उद्यमियों का सम्मान: पंजाब सरकार का विशेष समारोह
महिला दिवस पर 100 उद्यमियों को मिलेगा पुरस्कार
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने महिला दिवस के अवसर पर 18 मार्च को एक राज्य स्तरीय समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिसमें 100 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा। ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि प्रत्येक चयनित उद्यमी को 25,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
यह पहल पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (पीएसआरएलएम) के अंतर्गत महिला उद्यमियों को पहचान दिलाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। मंत्री ने कहा कि इस मिशन को व्यापक समर्थन मिल रहा है, जिसमें 28,000 से अधिक महिलाओं ने सम्मान समारोह के लिए पंजीकरण कराया है।
कार्यक्रम का प्रसारण जिला और ग्राम स्तर पर
इस समारोह का लाइव प्रसारण जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाएगा, ताकि हर गांव इस उत्सव का हिस्सा बन सके। मंत्री ने कहा कि सम्मान समारोह ब्लॉक और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर पहले ही शुरू हो चुके हैं और 12 मार्च से जिला स्तर पर जारी रहेंगे।
हर विधानसभा क्षेत्र से 100 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे कुल 11,700 महिलाओं को सम्मान मिलेगा।
कुल 14,100 महिला उद्यमियों को मिलेगा सम्मान
पंजाब में कुल 14,100 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा। मंत्री ने बताया कि पीएसआरएलएम ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
राज्य में लगभग 58,000 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं और करीब छह लाख ग्रामीण महिलाएं इनसे जुड़ी हुई हैं।
पंजाब सरकार लाभार्थियों को 30,000 रुपये का रिवॉल्विंग फंड, 50,000 रुपये का सामुदायिक निवेश फंड और 7 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण सुविधा प्रदान कर रही है।
