महिला सशक्तिकरण पर नवरात्रि के दौरान कार्यशाला का आयोजन

महिलाओं के लिए सुरक्षा और सशक्तिकरण पर कार्यशाला
- महिलाओं को सिखाए गए सुरक्षा के गुर
गुरुग्राम। नवरात्रि के अवसर पर महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम ने न केवल महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि समाज में नारी सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश भी फैलाया। सब-इंस्पेक्टर पूनम और मीना के नेतृत्व में टीम ने आत्मरक्षा और सतर्कता पर एक प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने सराहा।
इस कार्यशाला का आयोजन गुरुग्राम नगर निगम के पार्षद महावीर सिंह और उनकी पत्नी पूनम यादव के मार्गदर्शन में हुआ। उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक संकल्प लिया कि नारी का सम्मान ही सच्चा पूजन है और उनकी सुरक्षा ही सच्ची साधना है। कार्यक्रम में महिला थाना पश्चिम गुरुग्राम के अधिकारियों और दुर्गा शक्ति टीम के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
मुख्य वक्ता संगीता दास ने महिलाओं की सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक और कानून का सही उपयोग महिलाओं को वास्तविक सुरक्षा प्रदान कर सकता है। घरेलू हिंसा, स्टॉकिंग, कैट-कॉलिंग, वॉयूरिज्म, और ईव-टीजिंग जैसे मुद्दों पर खुलकर बात की गई। 112 इंडिया ऐप और ट्रिप मॉनिटरिंग जैसी सुविधाओं के उपयोग पर भी जानकारी दी गई। यह कार्यशाला नवरात्रि जैसे आध्यात्मिक पर्व पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को समर्पित रही।