मालपुरा गांव में ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान, लाइब्रेरी बनाने का आश्वासन
ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान
मालपुरा समाचार: जिला प्रशासन द्वारा आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में एडीसी राहुल मोदी और पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने गांव के निवासियों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनहित की योजनाओं की जानकारी दी।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान, ग्रामीणों ने एडीसी को बताया कि धारूहेड़ा फ्लाईओवर के सर्विस रोड पर रात में डंपरों का जाम लग जाता है, जिससे वाहन चालकों को कठिनाई होती है। डीएसपी रविंद्र सिंह ने आश्वासन दिया कि यहां यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए एक पीसीआर तैनात किया जाएगा।
ग्रामवासी परमानंद ने दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या की ओर ध्यान दिलाया, जिससे लोगों के बीमार होने का खतरा बढ़ गया है। एडीसी ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता वीपी चौहान को पानी की गुणवत्ता की जांच करने और समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए।
मालपुरा की एक बुजुर्ग महिला, अनारो देवी ने वृद्धावस्था सम्मान भत्ता पेंशन शुरू करने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि वह आर्थिक रूप से कमजोर हैं और कैंसर की सर्जरी करवा चुकी हैं। एडीसी ने महिला का क्रोनिकल डिजीज का सर्टिफिकेट बनवाने और मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलवाने के निर्देश दिए।
ग्रामवासी अवनेश कुमार ने बताया कि एक प्राइवेट स्कूल दो बच्चों की टीसी नहीं दे रहा है, जबकि फीस पूरी भरी जा चुकी है। एडीसी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। सत्यवीर ने गांव में दूषित जलभराव की समस्या की जानकारी दी। एडीसी ने ग्राम पंचायत को एक प्रस्ताव पारित करने के लिए कहा।
गांव में नई सीवरेज लाइन डलवाने की योजना है। उमेश कुमार ने शिकायत की कि उसके घर के ऊपर से 11 हजार की हाईवोल्टेज तार गुजर रही हैं, जो किसी भी समय हादसा कर सकती हैं। एडीसी ने बिजली वितरण निगम के कर्मचारियों को तार हटाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की मांग पर एडीसी ने ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्ताव भेजने पर एक लाइब्रेरी बनाने का आश्वासन दिया।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने ग्रामीणों से अनुरोध किया कि वे पुलिस विभाग के नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी करें। बच्चों को खेल और रचनात्मक गतिविधियों में शामिल करें और अपने आस-पास की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें। डीएसपी रविंद्र सिंह ने मोबाइल फोन पर इंटरनेट उपयोगकर्ताओं को साइबर क्राइम से सावधान रहने की सलाह दी।
एसडीएम सुरेश कुमार ने बताया कि लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए रात्रि ठहराव और समाधान शिविरों का नियमित आयोजन किया जा रहा है। इनमें आने वाली शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाती है।
