मुंबई में मोनोरेल सेवा अस्थायी रूप से बंद, यात्रियों की नाराजगी

मोनोरेल सेवा का अस्थायी निलंबन
मुंबई - मुंबई में मोनोरेल सेवा को शनिवार से अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एमएमआरडीए) ने तकनीकी समस्याओं, यात्रियों की सुरक्षा और ट्रांसपोर्ट सिस्टम में सुधार की आवश्यकता को देखते हुए यह निर्णय लिया है। इस फैसले के कारण यात्रियों में भारी असंतोष उत्पन्न हुआ है, क्योंकि अब उन्हें बसों के माध्यम से यात्रा करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। दादर के विट्ठल मंदिर मोनो रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने अपनी परेशानियों के बारे में बताया।
एक यात्री ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मोनोरेल बंद होने से हमारी मुश्किलें बढ़ गई हैं। यह सफर का आसान और तेज साधन था, लेकिन अब हमें बसों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जो समय पर नहीं मिलतीं।" एक अन्य यात्री ने कहा, "मोनोरेल के बंद होने के कारण अब बस से आना-जाना हो रहा है, लेकिन बसें समय पर नहीं आती हैं। मोनोरेल के कारण हम जल्दी काम पर पहुंच जाते थे, जिससे सफर भी आसान होता था और ट्रैफिक की परेशानी से बचा जा सकता था।"
एमएमआरडीए के अनुसार, मोनोरेल में बार-बार आने वाली तकनीकी खामियों के कारण यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सेवा को बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही, बड़े पैमाने पर रखरखाव और सुधार कार्य शुरू करने की योजना बनाई गई है। इससे पहले भी तकनीकी समस्याओं के चलते यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था।
हाल के हफ्तों में तकनीकी समस्याओं के कारण सेवाओं में रुकावटें आई थीं। इन समस्याओं के समाधान के लिए एमएमआरडीए ने एक विशेष जांच समिति का गठन किया था। जानकारी के अनुसार, मुंबई मोनोरेल में पहली बार स्वदेशी रूप से हैदराबाद में विकसित सीबीटीसी सिग्नलिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। 5 इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग 32 स्थानों पर लगाए जा चुके हैं, जिसका परीक्षण जारी है। 260 वाई-फाई एक्सेस पॉइंट्स, 500 आरएफआईडी टैग्स, 90 ट्रेन डिटेक्शन सिस्टम और कई डब्ल्यूएटीसी यूनिट्स पहले ही स्थापित हो चुकी हैं। वे-साइड सिग्नलिंग का काम पूरा हो चुका है। अब एकीकृत परीक्षण की प्रक्रिया चल रही है। यात्रियों ने मांग की है कि मोनोरेल सेवा को जल्द से जल्द बहाल किया जाए, क्योंकि यह शहर के भीड़भाड़ वाले यातायात में एक सुविधाजनक और किफायती विकल्प था। हालांकि, एमएमआरडीए ने सेवा बहाली की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की है।