मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बंगाल में सुशासन की जीत का जश्न मनाया
बंगाल की माताओं-बहनों ने आतंकवाद को नकारा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बयान
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में सीआर पार्क स्थित मां काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ आशीर्वाद लिया। मां काली के चरणों में शीश नवाते हुए, मुख्यमंत्री ने इस जीत को भारतीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में भगवा ध्वज गर्व से लहरा रहा है। यह जीत दर्शाती है कि जनता का विश्वास विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति में है।
मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों ने संसद में इस बिल का विरोध किया, बंगाल की माताओं-बहनों ने उन्हें अपने वोट से करारा जवाब दिया है। बंगाल की महिलाओं ने भय और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारते हुए यह साबित कर दिया है कि वे अपने सम्मान और अधिकारों के लिए किसी भी दमनकारी शक्ति का सामना करने को तैयार हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण की नीति की जीत है। भय और अत्याचार के माहौल के बावजूद, बंगाल की महिलाओं ने निर्भीक होकर मतदान किया और सुशासन की सरकार का चयन किया। यह जीत उन कार्यकर्ताओं के संघर्ष का परिणाम है, जिन्होंने बंगाल की मिट्टी को अपने पसीने और रक्त से सींचा है। यह लोकतंत्र के प्रति अटूट विश्वास की जीत है। बंगाल की जनता ने लोकतंत्र को सशक्त बनाते हुए सुशासन की सरकार चुनने का साहस दिखाया है, जो पूरे देश के लिए प्रेरणा है।
इस अवसर पर भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा, नई दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज और ग्रेटर कैलाश से विधायक श्रीमती शिखा राय भी उपस्थित थीं।
