मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की टेम्पटेशन बेकरी पर छापेमारी
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई
मुरादाबाद: रमजान से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंडी समिति में खजूर बेचने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई की थी। अब एक बार फिर से, विभाग ने मुरादाबाद की प्रसिद्ध मिठाई और नमकीन बेकरी, टेम्पटेशन के गोदाम पर छापेमारी की। इस दौरान गोदाम में एक्सपायरी खाद्य सामग्री को सील किया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यहां चिकन पाउडर भी बरामद हुआ, जबकि टेम्पटेशन की दुकानों पर नॉनवेज खाद्य सामग्री नहीं बेची जाती। खाद्य विभाग ने गोदाम के कई हिस्सों को सील कर दिया है।

मुरादाबाद के सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित टेम्पटेशन के गोदाम पर मंगलवार शाम को खाद्य विभाग ने छापेमारी की। गोदाम की तीसरी मंजिल को सील कर दिया गया, जहां गंदगी के साथ-साथ एक्सपायरी खाद्य सामग्री भी पाई गई। जांच में पाया गया कि अधिकांश सामग्री दो साल पहले ही एक्सपायर हो चुकी थी। खाद्य विभाग अब टेम्पटेशन पर कड़ी कार्रवाई करने की योजना बना रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
