मुरादाबाद में डकैती का खुलासा: कारोबारी की बेटी और प्रेमी सहित 5 गिरफ्तार
मुरादाबाद में डकैती की घटना का खुलासा
मुरादाबाद: मुरादाबाद के नागफनी क्षेत्र में तीन दिन पहले हुई डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में कारोबारी की बेटी और उसके प्रेमी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से 47 लाख रुपये से अधिक की नकदी और दो कारें भी बरामद की हैं, जो डकैती में इस्तेमाल की गई थीं।
11 मई की सुबह, मुरादाबाद के एक पीतल कारोबारी के घर में तीन बजे के आसपास, बदमाशों ने तमंचों के बल पर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और 1 करोड़ 20 लाख रुपये की नकदी और जेवरात लूट लिए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। घर में लगे डिजिटल लॉक को चाबी से खोलने की बात सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी बरेली जॉन रमित शर्मा भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने कई टीमों का गठन कर जांच शुरू की। जांच के दौरान कारोबारी की बेटी के प्रेमी अरशद वारसी का नाम सामने आया। पुलिस ने दोनों से कड़ी पूछताछ की, जिससे पूरी घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद अरशद के तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया।
घटना की योजना कैसे बनी:
गिरफ्तार अभियुक्त अरशद ने बताया कि वह पीड़ित इमरान की बेटी के साथ पिछले 8-9 साल से प्रेम संबंध में था। इमरान अपनी बेटी की शादी अरशद से नहीं करना चाहते थे, क्योंकि दोनों की जातियां अलग थीं। इमरान की बेटी ने अरशद को बताया था कि उसके पिता एक संपन्न कारोबारी हैं और उनके घर में हमेशा काफी नकदी रहती है। इसी लालच में उन्होंने डकैती की योजना बनाई।
इमरान की बेटी ने एक महीने पहले ही अरशद को घर की चाबियां दे दी थीं और घटना वाले दिन मुख्य द्वार खोलने का आश्वासन भी दिया था। अरशद ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस योजना को अंजाम दिया।
बरामदगी:
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास से 1 करोड़ 20 लाख रुपये में से 47,24,000 रुपये, दो कारें (हुण्डई XCENT), 5 मोबाइल फोन (1 iPhone, 4 स्मार्टफोन), 3 अवैध तमंचे 315 बोर और 4 जिंदा कारतूस 315 बोर, 1 अवैध तमंचा 32 बोर और 2 जिंदा कारतूस 32 बोर बरामद किए हैं।
