मौसम अपडेट: बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को हुआ नुकसान
किसानों को नुकसान और मौसम में बदलाव
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में फसलें बर्बाद, किसानों को नुकसा, आज से मौसम साफ होने की उम्मीद
नई दिल्ली: पिछले कुछ दिनों से उत्तर पश्चिमी भारत में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है, जो पश्चिमी विक्षोभ के कारण है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि ने ठंड को वापस ला दिया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट आई है। अप्रैल में मौसम के इस बदलाव का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा है।
बारिश और ओलावृष्टि के कारण पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से पंजाब में, जहां धान की फसल बाढ़ में बर्बाद हुई थी, वहीं अब गेहूं की फसल भी बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित हुई है। हालांकि, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने किसानों को खराब फसलों के लिए मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।
कश्मीर-हिमाचल में भूस्खलन की घटनाएं
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और मूसलधार बारिश हुई है। इसके परिणामस्वरूप कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे राजमार्ग और अन्य रास्ते बंद हो गए हैं और सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश के साथ ओले गिरे हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में फसलों को नुकसान की भी खबरें आई हैं।
आईएमडी की मौसम रिपोर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और हिमपात हुआ है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में 30-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और बारिश हुई। ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में भी भारी वर्षा दर्ज की गई। झारखंड, तेलंगाना, बंगाल, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। पूर्वोत्तर राज्यों, कोंकण, गोवा, और गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में भी बारिश हुई।
