यमुना प्राधिकरण ने वृंदावन में खोला नया कार्यालय, राया हेरीटेज सिटी का विकास शुरू

यमुना प्राधिकरण का नया कदम
Greater Noida News: यमुना प्राधिकरण ने मथुरा में भूमि अधिग्रहण और राया नगरीय केंद्र तथा हेरीटेज सिटी के विकास के लिए वृंदावन में एक नया क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित किया है। मंगलवार को इस कार्यालय का उद्घाटन करते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने राया हेरीटेज सिटी के विकास के लिए नियुक्त परामर्शदाता एजेंसी के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने एजेंसी से सिटी के विकास के लिए किए जाने वाले कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
751 एकड़ में विकसित होगी हेरिटेज सिटी
यह ध्यान देने योग्य है कि यीडा मथुरा के अधिसूचित क्षेत्र में 751 एकड़ भूमि पर राया नगरीय केंद्र और हेरीटेज सिटी का विकास करेगा। इसमें बांके बिहारी मंदिर तक सीधा पहुंच मार्ग और 12 एकड़ भूमि पर पार्किंग की व्यवस्था शामिल है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना पीपीपी मॉडल पर थर्ड पार्टी कंशेशनायर द्वारा अपने खर्च पर विकसित की जाएगी, जबकि यीडा भूमि अधिग्रहण के खर्च को वहन करेगा। कंशेसनायर हर साल प्राधिकरण को आय का एक हिस्सा देगा।
वृंदावन में किराए पर लिया गया स्थान
इस परियोजना को तेजी से शुरू करने के लिए यीडा ने वृंदावन में गीता संस्थान भवन में 7000 वर्ग फीट जगह किराए पर ली है। यहां प्राधिकरण के भूलेख और नियोजन विभाग के अधिकारियों के साथ एक अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा। इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कपिल सिंह, स्टाफ ऑफिसर नंदकिशोर सुंदरियाल और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और फंड की घोषणा
इस दौरान गीता शोध संस्थान में नृत्य कला सीख रही बालिकाओं ने श्री कृष्ण की मनमोहक नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सांस्कृतिक नृत्य कला के संवर्धन के लिए गीता शोध संस्थान को 5 लाख रुपये की धनराशि प्राधिकरण फंड से देने की घोषणा की। यह फंड जल्द ही रिलीज किया जाएगा।