योगी सरकार का होली से पहले उज्ज्वला परिवारों को गैस सिलिंडर सब्सिडी का तोहफा
मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान
लखनऊ। होली के अवसर पर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को गैस सिलिंडर रीफिल सब्सिडी देने की घोषणा की है। लोकभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में 1,500 करोड़ रुपये की राशि का वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि, होली की खुशियों को बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने 2022 में यह योजना शुरू की थी। मुझे खुशी है कि आज ₹1,500 करोड़ की राशि 1 करोड़ 86 लाख उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए जारी की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि हम सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आभारी हैं, जिन्होंने पहली बार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी का मानना है कि देश में केवल चार जातियां हैं… गरीब, किसान, महिला और युवा। सभी जाति, पंथ, संप्रदाय, मत और मजहब इनमें समाहित हैं। इसलिए जब योजना का लाभ देने की बात होती है, तो उसका एक ही मंत्र है- ‘सबका साथ, सबका विकास’।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत देश में 10 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क गैस कनेक्शन मिला है। उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ 86 लाख लाभार्थियों को इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को कभी गैस सिलेंडर नहीं मिला, उन्हें डबल इंजन सरकार ने यह सुविधा प्रदान की है। इसके साथ ही ‘लखपति दीदी’ कार्यक्रम और SHE-MART जैसे पहल ग्रामीण क्षेत्रों में विपणन तंत्र को सशक्त बनाने के लिए शुरू की गई हैं।
महिलाओं की भागीदारी के बारे में बात करते हुए, उन्होंने कहा कि पहले यह 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है। आज उत्तर प्रदेश में महिलाएं सरकारी नौकरियों, उद्योगों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही हैं। हमारी सरकार ने तय किया है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा वर्करों के मानदेय में क्रमिक वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि होली का पर्व समता का पर्व है, जिसमें कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए।
