रवीश शर्मा ने CBI छापे पर भगवंत मान की सरकार को घेरा
सीबीआई छापे पर रवीश शर्मा की प्रतिक्रिया
जालंधर: ब्राह्मण वेलफेयर बोर्ड के पूर्व निदेशक और कांग्रेस नेता रवीश शर्मा ने विजिलेंस ब्यूरो मुख्यालय पर सीबीआई के छापे को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने विजिलेंस को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पहले से ही संदिग्ध रही है, और अब इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जिस विभाग को भ्रष्टाचार समाप्त करने का कार्य सौंपा गया है, वह स्वयं भ्रष्टाचार में संलिप्त है। यह और भी चौंकाने वाला है कि यह विभाग मुख्यमंत्री भगवंत मान के नियंत्रण में है, फिर भी यहां भ्रष्टाचार का सिलसिला जारी है।
रवीश शर्मा ने कहा कि यह पहली बार है जब किसी केंद्रीय एजेंसी ने विजिलेंस कार्यालय पर छापा मारा है। गैंगस्टरों के बाद अब विजिलेंस कार्यालय लोगों से वसूली का केंद्र बन गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि सरकार की प्रतिष्ठा पर एक बड़ा धब्बा है। मामले की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है। आप ने ईमानदारी का वादा करके सत्ता हासिल की थी, लेकिन अब जनता निराश है। लोग बदलाव की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
