राज्यसभा सांसदों की शपथ ग्रहण प्रक्रिया शुरू, शरद पवार और रामदास अठावले शामिल
राज्यसभा सांसदों की शपथ लेने की प्रक्रिया
नई दिल्ली। मार्च में संपन्न राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों के बाद, नए सांसदों की शपथ लेने की प्रक्रिया आरंभ हो गई है। सोमवार को एनसीपी के संस्थापक शरद पवार ने शपथ ग्रहण किया, जबकि केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। इस दिन कुल 19 सदस्यों ने शपथ ली। शरद पवार व्हीलचेयर पर संसद पहुंचे और शपथ ली। शपथ लेने वाले सांसदों में महाराष्ट्र के पांच, तमिलनाडु के छह, पश्चिम बंगाल के पांच और ओडिशा के तीन सांसद शामिल हैं।
राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन की उपस्थिति में सभी सदस्यों को शपथ दिलाई गई। उल्लेखनीय है कि 16 मार्च को 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हुए थे। अभी भी 18 सांसदों का शपथ लेना बाकी है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेंगे। ध्यान रहे कि 16 अप्रैल से संसद का सत्र फिर से शुरू होगा, जिसमें सरकार महिला आरक्षण बिल में संशोधन करने की योजना बना रही है।
