राम मंदिर में वीआईपी दर्शन के लिए भक्तों की बढ़ती भीड़, ऑनलाइन बुकिंग पूरी

अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन की तैयारी
अयोध्या। उत्तर प्रदेश में जैसे ही मॉनसून ने दस्तक दी, राम मंदिर में वीआईपी दर्शन के लिए भक्तों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। भक्त रामलला की आरती में शामिल होने के लिए भी उत्सुक हैं। ऑनलाइन बुकिंग के अनुसार, रामलला के वीआईपी दर्शन और आरती के लिए सभी स्लॉट 16 जुलाई तक भर चुके हैं। अब 17 जुलाई को ही नए ऑनलाइन पास उपलब्ध होंगे। भक्तों में इन पासों के लिए होड़ मची हुई है।
राम मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए वीआईपी पास जारी किए जाते हैं। राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा दो प्रकार के पास (सुगम और विशिष्ट दर्शन) ऑफलाइन और ऑनलाइन जारी किए जाते हैं। प्रतिदिन लगभग 300 ऑनलाइन पास और 2500 ऑफलाइन पास जारी किए जाते हैं। दर्शन के लिए सात स्लॉट निर्धारित किए गए हैं।
पास जारी करने के लिए ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ़ अनिल मिश्र और मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव को अधिकृत किया गया है। प्रशासन को भी पास जारी करने का अधिकार दिया गया है। केवल अधिकृत व्यक्तियों द्वारा पास जारी किए जाते हैं। यदि किसी होटल, धर्मशाला या गाइड द्वारा श्रद्धालुओं को पास दिए जाते हैं, तो वे फर्जी हो सकते हैं।
सुगम दर्शन और विशिष्ट दर्शन पास, आरती पास ट्रस्ट की वेबसाइट srjbtkshetra.org पर जाकर ऑनलाइन बुक किए जा सकते हैं। आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए स्लॉट के अनुसार पास बुक किए जाते हैं। एक पास पर आठ लोगों को दर्शन की अनुमति होती है, और सभी के पास आधार कार्ड होना अनिवार्य है। निर्धारित समय से पहले निर्धारित प्रवेश द्वार पर पहुंचना आवश्यक है। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है।
ऑफलाइन पास केवल ट्रस्ट और प्रशासन के अधिकृत व्यक्तियों की संस्तुति पर ही बनते हैं। ये पास निशुल्क होते हैं और इसके लिए एक फॉर्म भरना होता है, जिसमें दर्शनार्थियों के नाम, उम्र और पता दर्ज किया जाता है। आधार कार्ड का नंबर भी आवश्यक होता है। पास बनने पर पीडीएफ उपलब्ध कराया जाता है, जिसे श्रद्धालु दर्शन के लिए दिखा सकते हैं। सभी के पास आधार कार्ड होना अनिवार्य है।
सुरक्षा नियमों का पालन
राम मंदिर में सुरक्षा कारणों से मोबाइल, पेन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाने पर प्रतिबंध है। भक्त केवल पर्स और चश्मा लेकर जा सकते हैं।
मंदिर में प्रसाद की व्यवस्था
मंदिर में भक्तों को प्रसाद ले जाने की अनुमति नहीं है। नारियल, फूल, माला या अन्य वस्तुएं लाना मना है। भक्तों को मंदिर परिसर में इलायची दाने का प्रसाद ट्रस्ट द्वारा दिया जाता है।
राम मंदिर के खुलने का समय
सुबह 6:30 बजे से रात 09 बजे तक
रामलला की आरती का समय
मंगला आरती सुबह 4:30 बजे।
श्रृंगार आरती- सुबह 6:30 बजे से 7:00 बजे।
भोग आरती- 12:00 बजे।
संध्या आरती- शाम 7:00 बजे
भोग आरती- रात 9:15 बजे।
शयन आरती- रात 10:00 बजे।