राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर LPG संकट को लेकर किया बड़ा हमला
राहुल गांधी का मोदी पर आरोप
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर से तीखा हमला किया है। सोमवार को उन्होंने एक्स पोस्ट पर लिखा कि मोदी जी ने कहा था कि रसोई गैस संकट को कोरोना महामारी की तरह संभालेंगे, और उन्होंने सच में वही किया।
मोदी जी ने कहा था – LPG Gas Crisis को COVID की तरह हैंडल करेंगे।
और सच में वही किया।
बिल्कुल COVID के जैसे ही – नीति शून्य, घोषणा बड़ी, और बोझ गरीबों पर।
₹500-800 की दिहाड़ी कमाने वाले प्रवासी मज़दूरों के लिए रसोई गैस पहुंच से बाहर हो गई है। रात को घर लौटते मज़दूर के पास…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 6, 2026
राहुल गांधी ने आगे कहा कि बिल्कुल कोविड की तरह ही, नीतियों में कोई स्पष्टता नहीं है, केवल बड़े-बड़े वादे हैं, और इसका बोझ गरीबों पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 500-800 रुपये की दिहाड़ी कमाने वाले प्रवासी मजदूरों के लिए रसोई गैस अब पहुंच से बाहर हो गई है। रात में घर लौटते समय उनके पास चूल्हा जलाने के लिए पैसे नहीं होते। इसका परिणाम यह है कि मजदूर शहर छोड़कर गांव भागने को मजबूर हो रहे हैं। जो मजदूर कपड़ा मिलों और फैक्ट्रियों की रीढ़ हैं, आज वही टूट रहे हैं।
कपड़ा क्षेत्र पहले से ही संकट में है। मैन्यूफैक्चरिंग में गिरावट आ रही है और यह संकट कहां से आया? यह सब कूटनीति की मेज़ पर हुई एक चूक के कारण है, जिसे सरकार आज तक स्वीकार नहीं करती। राहुल ने कहा कि जब अहंकार नीति बन जाता है, तो अर्थव्यवस्था कमजोर होती है, मजदूर पलायन करते हैं, उद्योग बर्बाद होते हैं और देश को दशकों पीछे धकेल दिया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि हर संकट में सबसे पहले गरीब क्यों मरता है? यह सिर्फ गरीबों का सवाल नहीं, बल्कि हम सभी का सवाल है।
