रिंकू सिंह को मिली सरकारी नौकरी, सीएम योगी देंगे नियुक्ति पत्र
रिंकू सिंह की नई सरकारी भूमिका
रिंकू सिंह की सरकारी नौकरी : भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख खिलाड़ी रिंकू सिंह अब एक नई जिम्मेदारी निभाने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार उन्हें एक महत्वपूर्ण सरकारी पद पर नियुक्त करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लखनऊ में रिंकू सिंह को रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर के रूप में नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इस अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस समारोह में कुल 14 खिलाड़ियों को प्रशासनिक सेवाओं में नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। इनमें क्रिकेट, हॉकी, एथलेटिक्स और पैरालिंपिक जैसे विभिन्न खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता के साथ प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। रिंकू सिंह के अलावा, हॉकी में प्रदेश का नाम ऊंचा करने वाले राजकुमार पाल को उत्तर प्रदेश पुलिस में डिप्टी एसपी बनाया जाएगा।
पेरिस पैरालिंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रवीण कुमार को भी डिप्टी एसपी के पद पर नियुक्त किया जाएगा। वहीं, पैरालिंपिक में रजत पदक विजेता अजीत सिंह को जिला पंचायत राज अधिकारी बनाया जाएगा। 200 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली सिमरन को भी इसी विभाग में जिम्मेदारी दी जाएगी। 100 और 200 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतने वाली प्रतिपाल को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने वाले 9 खिलाड़ियों को लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जाएगा।
