रूस का यूक्रेन पर मिसाइल और ड्रोन हमला, छह की मौत

रात के हमले में कई लोग प्रभावित
रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर रात के समय मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया, जिसमें एक छह साल का बच्चा समेत कम से कम छह लोगों की जान चली गई। यह जानकारी यूक्रेनी अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को दी।
कीव सिटी सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया कि इस हमले में 52 से अधिक लोग घायल हुए हैं और यह संख्या और बढ़ सकती है।
उन्होंने कहा कि हमले के कारण एक नौ मंजिला आवासीय इमारत का एक बड़ा हिस्सा ढह गया है।
बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर लिखा, "मिसाइल हमला। सीधे एक रिहायशी इमारत पर। लोग मलबे के नीचे हैं। सभी सेवाएं घटनास्थल पर हैं।"
घटनास्थल की तस्वीरों में आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त इमारत से धुएं का गुबार उठता हुआ और जमीन पर मलबा बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है।
तकाचेंको ने बताया कि कीव में कम से कम 27 स्थानों पर हमले हुए, जिनमें सबसे अधिक नुकसान सोलोमिंस्क्यी और स्वियातोशिनस्क्यी जिलों में हुआ।