रूस में भूकंप: कामचटका प्रायद्वीप पर 7.8 की तीव्रता से दो बार आया झटका

रूस में भूकंप का ताजा मामला
रूस में भूकंप: हाल ही में रूस में एक बार फिर भूकंप ने दहशत फैला दी है। इस बार कामचटका प्रायद्वीप में भूकंप के दो शक्तिशाली झटके महसूस किए गए। भारतीय समयानुसार रात 12:28 और 12:38 बजे दो बार भूकंप आया। पहले झटके की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.8 मापी गई, जबकि दूसरे झटके की तीव्रता 6 रही। भूकंप के बाद समुद्र में ऊंची लहरें उठने लगीं, जिसके चलते सुनामी का अलर्ट जारी किया गया।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र कामचटका प्रायद्वीप के पूर्वी तट के पास 85 किलोमीटर की गहराई में था। वहीं, दूसरे झटके का केंद्र 30 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। रूस की स्टेट जियोफिजिकल सर्विस ने भूकंप की तीव्रता 7.5 बताई और इसके बाद लगभग 5 आफ्टरशॉक भी आए। हवाई में स्थित अमेरिकी राष्ट्रीय मौसम सेवा ने प्रशांत महासागर में सुनामी का अलर्ट जारी किया है।