रॉबर्ट वाड्रा को शिकोहपुर लैंड स्कैम में मिली जमानत
रॉबर्ट वाड्रा की जमानत
नई दिल्ली : गुरुग्राम के शिकोहपुर लैंड स्कैम से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रॉबर्ट वाड्रा को राऊज एवेन्यू कोर्ट से जमानत मिल गई है। कोर्ट ने उन्हें 50 हजार रुपए के निजी मुचलके और समान राशि के एक जमानतदार की पेशगी पर जमानत दी।
वाड्रा आज राऊज एवेन्यू कोर्ट में उपस्थित हुए। कोर्ट ने वाड्रा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए उन्हें समन किया था। सुनवाई के दौरान वाड्रा के वकील ने कहा कि जमानत पर कोई सवाल नहीं उठता, क्योंकि उन्हें कभी गिरफ्तार नहीं किया गया।
ईडी प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत इस भूमि सौदे की जांच कर रही है। कोर्ट के निर्देशानुसार, वाड्रा को राहत के लिए जमानत बांड और मुचलका जमा करना आवश्यक था। ईडी ने कोर्ट को बताया कि मामले में आगे की जांच के लिए विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाएगी। राऊज एवेन्यू कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 10 जुलाई को निर्धारित की है।
यह मामला शिकोहपुर लैंड स्कैम से संबंधित है, जिसमें रॉबर्ट वाड्रा की कंपनी का नाम प्रमुखता से आया था। ईडी का आरोप है कि इस डील के माध्यम से वाड्रा और उनसे जुड़ी कंपनियों ने बड़े पैमाने पर धन की हेराफेरी की। जांच के बाद एजेंसी ने 17 जुलाई 2025 को अदालत में चार्जशीट पेश की थी।
