लखनऊ में पत्नी और इमाम पर गंभीर आरोप, परिवारिक विवाद ने लिया नया मोड़
परिवारिक विवाद का नया मोड़
लखनऊ: लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया है। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और मोहल्ले के इमाम पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का कहना है कि उसकी पत्नी और इमाम के बीच अवैध संबंध हैं और दोनों मिलकर उसे और उसके बच्चों को नुकसान पहुँचाने की योजना बना रहे हैं।
पीड़ित ने बताया कि उसकी शादी 2013 में सीतापुर की एक युवती से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। उसने कहा कि लगभग दो साल पहले इमाम सनाउल्ला बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के लिए उनके घर आने लगा। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन धीरे-धीरे उसे पत्नी और इमाम की गतिविधियों पर संदेह होने लगा।
मोबाइल चैट और गुप्त कैमरे से बढ़ा संदेह
पीड़ित का आरोप है कि उसने कई बार पत्नी के मोबाइल में इमाम के साथ व्हाट्सऐप चैट देखी। संदेह बढ़ने पर उसने उन चैट्स को अपने कंप्यूटर में सेव कर लिया और घर के एक कमरे में गुप्त कैमरा भी लगवा दिया। उसका दावा है कि कैमरे में पत्नी और इमाम की आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड हुई हैं। पीड़ित ने बताया कि जिस कमरे में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाया जाता था, वहीं दोनों की मुलाकात होती थी।
‘जहर देकर खत्म करने’ की साजिश का आरोप
व्यक्ति का कहना है कि 28 अप्रैल 2026 को उसने पत्नी और इमाम के बीच हुई एक चैट देखी, जिसमें परिवार को जहर देकर मारने की बातें लिखी थीं। इसके बाद वह अपने पिता, बहनोई और भांजे के साथ घर पहुंचा। आरोप है कि वहां उसने पत्नी और इमाम को आपत्तिजनक स्थिति में देखा। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
जेवर और नकदी ले जाने का भी आरोप
पीड़ित ने पत्नी पर घर से लगभग 17 तोला सोना और करीब 10 लाख रुपये नकद लेकर जाने का आरोप भी लगाया है। उसका कहना है कि पत्नी मायके जाते समय यह सामान अपने साथ ले गई। इस मामले में अलीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
