लखीमपुर खीरी में जनरेटर विस्फोट से महिला की मौत, तीन घायल
लखीमपुर खीरी में जनरेटर का धमाका
लखीमपुर-खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक कारखाने में लगे जनरेटर के अचानक विस्फोट से हड़कंप मच गया। यह धमाका इतना जोरदार था कि जनरेटर का लोहे का पहिया दो टुकड़ों में टूटकर लगभग 500 मीटर दूर जा गिरा। एक टुकड़ा पास के टीन शेड पर गिरा, जिससे वहां काम कर रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके अलावा, कारखाने में काम कर रहे एक कर्मचारी को गंभीर चोटें आई हैं। पहिये का दूसरा टुकड़ा सड़क पर गुजर रही एक बस की छत पर गिरा, जिससे बस की छत फट गई और उसमें सवार एक लड़की और युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार जारी है।
यह घटना सदर कोतवाली के अंतर्गत महेवागंज कस्बे में हुई, जहां गुरुवार शाम कपूरा इंजीनियरिंग वर्क्स के लोहे के कारखाने में जनरेटर अचानक फट गया। जनरेटर के फटने से लोहे का पहिया दो हिस्सों में टूटकर गिरा। एक हिस्सा पड़ोस में स्थित सत्तार के घर की टीन शेड पर गिरा, जिससे 50 वर्षीय बेगम के सिर पर गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पहिये का दूसरा हिस्सा सड़क पर गुजर रही बस की छत पर गिरा, जिससे बस की छत फट गई और उसमें सवार मनीषा और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कारखाने में हुए धमाके में वहां काम कर रहे कर्मचारी इसरार को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
