लखीमपुर खीरी में तेंदुए का आतंक: मासूम बच्चे की जान गई

लखीमपुर खीरी में तेंदुए का हमला
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में तेंदुए और बाघ का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन इन जानवरों के हमलों की खबरें सामने आ रही हैं। हाल ही में एक और घटना में, तेंदुए ने सोते हुए एक छोटे बच्चे को चारपाई से उठाकर ले जाकर अपना शिकार बना लिया। बच्चे का अधखाया शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
यह घटना सदर कोतवाली के महेवागंज पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, ज्ञानपुर गांव में बीती रात 6 वर्षीय बच्चा बादल अपने पिता सुशील के साथ घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान तेंदुआ बच्चे को उठाकर गन्ने के खेत में ले गया और उसे अपना शिकार बना लिया। सुबह जब बच्चे का अधखाया शव गन्ने के खेत में मिला, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में जाल बिछाए हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।