लोहारू में पूर्व मंत्री हीरानंद आर्य की 88वीं जयंती का आयोजन

धरनास्थल पर मनाई जाएगी जयंती
लोहारू/भिवानी। फसल बीमा क्लेम आंदोलन के तहत चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के बीच, पूर्व मंत्री और प्रसिद्ध किसान नेता चौधरी हीरानंद आर्य की 88वीं जयंती 11 अगस्त को धरनास्थल पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी।
संचालन समिति के सदस्य एडवोकेट अशोक आर्य और पृथ्वी सिंह गोठड़ा ने बताया कि इस अवसर पर चौधरी हीरानंद आर्य के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही, उनके किसान हितैषी योगदानों को याद करने के लिए एक विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चौधरी हीरानंद आर्य ने अपने राजनीतिक करियर में हमेशा किसानों के हितों को प्राथमिकता दी। उन्होंने सरप्लस भूमि अधिग्रहण कानून की जटिलताओं को सुलझाते हुए, गैरकानूनी तरीके से अधिग्रहित किसानों की भूमि वापस दिलवाई। इसके अलावा, हरियाणा के वित्त मंत्री रहते हुए उन्होंने किसानों के कर्ज माफी जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए और ट्यूबवेल स्लैब प्रणाली को लागू किया।
संयुक्त किसान मोर्चा ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया है कि उनकी जयंती को आंदोलन की भावना के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर आंदोलनरत किसानों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आर्य समर्थक भी उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।