विनेश फोगाट पर डब्ल्यूएफआई का बैन, घरेलू प्रतियोगिताओं में नहीं खेल पाएंगी
डब्ल्यूएफआई ने लगाया बैन
डब्ल्यूएफआई ने लगाया बैन
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने ओलंपियन रेसलर विनेश फोगाट पर 26 जून तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने पर रोक लगा दी है। इस संबंध में विनेश को एक नोटिस भी जारी किया गया है। नोटिस में उन पर डब्ल्यूएफआई, डोपिंग और अंतरराष्ट्रीय कुश्ती नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है। उल्लेखनीय है कि विनेश ने अगस्त 2024 में पेरिस ओलंपिक से डिसक्वालीफाई होने के बाद संन्यास लेने की घोषणा की थी।
हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने अपने फैसले को वापस ले लिया। डब्ल्यूएफआई का कहना है कि विनेश ने संन्यास से वापसी के लिए छह महीने पहले सूचना नहीं दी, जिससे देश को शर्मिंदगी उठानी पड़ी और भारतीय कुश्ती की छवि को नुकसान पहुंचा। अगस्त 2024 में पेरिस ओलंपिक में ओवर वेट पाए जाने के कारण उन्हें डिसक्वालीफाई किया गया था।
इसके अलावा, 18 दिसंबर 2025 को बेंगलुरु में हुए डोप टेस्ट में शामिल न होने के कारण इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 4 मई को विनेश को नोटिस जारी किया था।
विनेश फोगाट का राजनीतिक संबंध
विनेश फोगाट, हरियाणा के जुलाना से कांग्रेस विधायक हैं। उन्होंने 3 मई को डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए विनेश ने कहा कि यूपी के गोंडा में 10 से 12 मई के बीच सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह बृजभूषण के खिलाफ शिकायत करने वाली उन छह पीड़ितों में से एक हैं।
विनेश ने कहा कि गोंडा में प्रतियोगिता में भाग लेना उनके लिए मुश्किल होगा और उन्होंने अपनी टीम को चेतावनी दी कि यदि किसी के साथ कुछ गलत होता है, तो इसकी जिम्मेदारी भारत सरकार की होगी।
महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न का मामला
विनेश ने लगभग तीन साल पहले बृजभूषण पर महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इस मुद्दे को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर महिला पहलवानों ने धरना भी दिया था। बृजभूषण भाजपा के पूर्व सांसद हैं, और उनके परिवार में एक बेटा यूपी से सांसद और एक विधायक है।
