व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर में फायरिंग की घटना, ट्रंप ने दी जानकारी
वॉशिंगटन में फायरिंग की घटना
वॉशिंगटन। अमेरिका की राजधानी में आयोजित वार्षिक व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर के दौरान एक फायरिंग की घटना सामने आई। इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया, उप राष्ट्रपति जेडी वेंस और कई अन्य उच्च अधिकारी शामिल थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर ने होटल के बॉलरूम के बाहर गोलीबारी की, जबकि ट्रंप और अन्य मेहमान बॉलरूम के अंदर थे। ट्रंप ने पुष्टि की कि हमलावर को पकड़ लिया गया है और इस घटना का ईरान में चल रहे संघर्ष से कोई संबंध नहीं है।
इससे पहले, खबर आई थी कि हमलावर को मार दिया गया है। हालांकि, हमले के लगभग डेढ़ घंटे बाद ट्रंप ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा, 'यह अमेरिका के संविधान पर हमला है। सीक्रेट सर्विस ने मेरी जान बचाई। सुरक्षाकर्मियों ने बहादुरी से काम किया। जिस अधिकारी को गोली लगी, वह सुरक्षित है, क्योंकि उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी। हमलावर के पास एक शक्तिशाली हथियार था।'
फायरिंग के संबंध में ट्रंप ने कहा कि हमलावर का ईरान से कोई सीधा संबंध नहीं प्रतीत होता। उन्होंने कहा, 'मुझे ऐसा नहीं लगता, लेकिन आप कभी नहीं जानते। हमारी टीमें जांच कर रही हैं और जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।' प्रारंभिक जांच में हमलावर के विदेशी संबंधों की पुष्टि नहीं हुई है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, हमलावर की पहचान हो गई है। उसका नाम कोल टॉमस एलन है, जो 31 वर्ष का है और कैलिफोर्निया का निवासी है। एलन एक पार्ट टाइम शिक्षक और वीडियो गेम डेवलपर था। उसकी प्रोफाइल के अनुसार, उसे दिसंबर 2024 में 'टीचर ऑफ द मंथ' चुना गया था। उसने कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से 2017 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की थी।
