Newzfatafatlogo

शिवपुरी में शिक्षक की पीएम मोदी की मिमिक्री पर निलंबन, गैस सिलेंडर के दामों पर तंज

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक सरकारी शिक्षक को पीएम मोदी की मिमिक्री करने के कारण निलंबित कर दिया गया है। यह मामला तब सामने आया जब शिक्षक ने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर व्यंग्य करते हुए एक वीडियो बनाया। भाजपा विधायक की शिकायत पर जिला शिक्षा अधिकारी ने तुरंत कार्रवाई की। जानें इस विवाद के पीछे की पूरी कहानी और शिक्षक के वीडियो में क्या कहा गया।
 | 
शिवपुरी में शिक्षक की पीएम मोदी की मिमिक्री पर निलंबन, गैस सिलेंडर के दामों पर तंज

शिक्षक का निलंबन

नई दिल्ली। देशभर में रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि को लेकर एक सरकारी शिक्षक का पीएम मोदी की मिमिक्री करना महंगा पड़ गया। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी की शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है।


यह मामला पोहरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय आदिवासी मोहल्ला सेमरखेड़ी का है, जहां साकेत पुरोहित नामक शिक्षक कार्यरत हैं। साकेत ने एक वीडियो बनाया, जिसमें वह पीएम नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करते हुए गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर व्यंग्य कर रहे थे। इस वीडियो के वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया।




शिक्षक का वीडियो में क्या कहना था?


वीडियो में, शिक्षक ने पीएम मोदी की मिमिक्री करते हुए कहा कि, "मेरे प्यारे भाइयों-बहनों, गैस के दाम कम हुए कि नहीं हुए? नहीं हुए। और गैस के दाम बढ़े कि नहीं बढ़े? बढ़ गए। तो गैस के दाम इसलिए बढ़ गए कि भाइयों-बहनों, गैस की रोटी खाने से पेट में भी गैस बनती है।"


‘पेट में गैस बनेगी तो बीमार पड़ जाओगे…’


शिक्षक ने आगे कहा कि, "अगर पेट में गैस बनेगी तो आप बीमार पड़ जाओगे। और अगर आप बीमार पड़ोगे तो यह देश बीमार पड़ जाएगा मेरे भाइयों-बहनों। इसलिए गैस के दाम बढ़ने से आम आदमी भी रोटी खाएगा चूल्हे की और अमीर आदमी भी खाएगा चूल्हे की रोटी। जो अमीर आदमी और आम आदमी के बीच में जो अमीरी-गरीबी की खाई है भाइयों-बहनों, बहुत दूर हो जाएगी।"


भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने शिक्षक को कांग्रेसी मानसिकता का बताते हुए अशांति फैलाने का आरोप लगाया था। हालांकि, शिक्षक के वीडियो में ऐसा कुछ भी आपत्तिजनक नहीं था, लेकिन पीएम की नकल करने पर विधायक को आपत्ति हुई। जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने बिना जांच के ही शिक्षक को निलंबित कर दिया। वीडियो में न तो किसी का नाम लिया गया और न ही अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है।